रायपुर: अवैध गैस कारोबार का भंडाफोड़
छत्तीसगढ़ में गैस किल्लत और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर ग्रामीण के खरोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध रूप से गैस सिलेंडर बेचने के मामले का खुलासा किया है।
45 सिलेंडर और पिकअप वाहन जब्त
पुलिस को 25 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चिचोली के पास तिल्दा-खरोरा मेन रोड पर एक सफेद पिकअप वाहन में गैस सिलेंडर रखकर ग्राहकों की तलाश की जा रही है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
जांच के दौरान 37 भरे और 8 खाली गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 74 हजार रुपये बताई गई है। साथ ही करीब 10 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में गिनेश्वर प्रसाद साहू (32) निवासी कुरूद और लादूराम (29) निवासी जोधपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
खाद्य विभाग को सौंपा गया मामला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सिलेंडर भूपेश्वर प्रसाद साहू के हैं। पुलिस ने धारा 106 BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन और सिलेंडर जब्त कर लिए हैं। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मामला खाद्य निरीक्षक को सौंप दिया गया है।

