सक्ति। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बंदोरा गांव में एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ईंट और पत्थरों से बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मृतक की पहचान राहुल गबेल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने युवक के सिर को निशाना बनाते हुए बार-बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की बर्बरता को देखकर स्थानीय लोग भी सहम गए हैं।
यह पूरी घटना मालखरौदा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए जा सकें। वहीं, एडिशनल एसपी और एसडीओपी ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जांच के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

