रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक अनोखी और नियम-विरुद्ध घटना सामने आई है। कबीर नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि अटल आवास इलाके में कुछ युवकों ने बीच सड़क पर गाड़ी रोककर चाकू से केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 5-6 युवक एक गाड़ी के आसपास खड़े हैं। गाड़ी के बोनट पर केक रखा गया है और बर्थडे मना रहा युवक कटारनुमा चाकू से केक काट रहा है, जबकि उसके साथी शोर मचाकर जश्न मना रहे हैं। इसके बाद युवकों ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘स्वैग’ दिखाते हुए अपलोड भी कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कबीर नगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान आशीष के रूप में की और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद सड़क पर गाड़ी रोककर स्टंट करना, हथियारों के साथ वीडियो बनाना और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए ऐसे आरोपियों की पहचान आसानी से कर ली जाती है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है।
यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए की जा रही खतरनाक हरकतों को उजागर करती है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे जन्मदिन या किसी भी उत्सव को सार्वजनिक स्थानों पर मनाते समय नियमों का पालन करें और यातायात बाधित न करें।

