जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आयोजित जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 79,340 निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिजनों को बड़ी राहत दी। मुख्यमंत्री ने 27.15 करोड़ रुपए की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने की। वहीं, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बावजूद छत्तीसगढ़ में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत भले ही ईंधन के लिए आयात पर निर्भर है, लेकिन केंद्र सरकार की प्रभावी विदेश नीति और विभिन्न देशों के साथ मजबूत संबंधों के चलते आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिससे लोगों में अनावश्यक भय और भ्रम का माहौल बन रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और पेट्रोल, डीज़ल या गैस का अनावश्यक भंडारण न करें।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में ईंधन की उपलब्धता पहले की तरह ही आगे भी निर्बाध रूप से जारी रहेगी।

