कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां एक रसोइए ने शराब के नशे में एक छात्र पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह घटना छुरी क्षेत्र के छात्रावास की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान केसर दुबे के रूप में हुई है, जो छात्रावास में रसोइए और चपरासी का काम करता था। उसने छठवीं कक्षा के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में छात्र को आंख के ऊपर गंभीर चोट आई। हालांकि समय पर इलाज मिलने के कारण उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रावास अधीक्षक की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। उस पर मारपीट और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और कटघोरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने ट्राइबल विभाग से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।

