महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिथौरा थाना क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि दो दिनों के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है, जिससे इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत युवती खल्लारी थाना क्षेत्र के धरमपुरा गांव की रहने वाली बताई जा रही है, जबकि युवक पटेवा क्षेत्र का निवासी है। दोनों के शव एक ही स्थान पर फांसी के फंदे से लटके मिले हैं, जिससे मामला प्रेम संबंध से जुड़ा माना जा रहा है।
घटनास्थल से मिली जानकारी के मुताबिक, युवती के हाथ पर गोदने से “अंकिता” नाम लिखा हुआ मिला है। वहीं पास में मिले आधार कार्ड के आधार पर युवती के नाबालिग होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

