बालोद। जिले के झलमला गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां कबाड़ लोडिंग के दौरान एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पांच मजदूर मिलकर लोहे के कबाड़ को गाड़ी में लोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी 11 केवी बिजली के तार के संपर्क में आ गई, जिससे तीन मजदूर करंट की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भयानक था कि दीनू सतनामी (50), निवासी जवाहरपारा, बालोद की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि दो मजदूर समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, वरना नुकसान और बड़ा हो सकता था।
इस पूरे मामले में कबाड़ दुकान संचालक की लापरवाही भी सामने आई है, क्योंकि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

