नई दिल्ली, 7 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर के समग्र विकास के लिए तैयार ‘बस्तर रोडमैप 2.0’ का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के उन्मूलन में मिली सफलता के लिए आभार जताते हुए कहा कि अब बस्तर में शांति के बाद सरकार का फोकस तेजी से विकास, रोजगार और जनजीवन को सशक्त बनाने पर है।
रोडमैप 2.0 के तहत एग्रो और एग्रो-फॉरेस्ट सेक्टर, सिंचाई विस्तार और पर्यटन विकास को प्राथमिकता दी गई है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे।
प्रधानमंत्री ने ‘नियद नेल्ला नार योजना’ के सफल क्रियान्वयन की सराहना की। योजना के तहत बस्तर में 93% गांवों में स्कूल, 97% बच्चों को सुविधाएं, 97% गांवों में आंगनबाड़ी और 89% ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल चुका है।
सरकार अब इस योजना का विस्तार करते हुए 10 जिलों तक लागू करने जा रही है। वहीं, ग्रामीण बस योजना, बस्तर ओलंपिक और पंडुम जैसे आयोजन क्षेत्र में नई ऊर्जा ला रहे हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। जगदलपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज और नए एजुकेशन सिटी विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही 2 हजार करोड़ रुपए से अधिक की सिंचाई परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
सरकार का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में बस्तर के परिवारों की औसत आय 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रति माह करना है। इसके लिए आजीविका क्लस्टर और योजनाओं का विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बस्तर आने का निमंत्रण भी दिया और कहा कि बस्तर अब तेजी से विकास और संभावनाओं का नया केंद्र बनकर उभर रहा है।

