बिलासपुर। न्यायधानी के रामावैली कॉलोनी में एक वकील द्वारा नशे की हालत में हथियार लहराने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी अंशुमन श्रीवास्तव अपने घर के बाहर शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान वह पिस्टल, तलवार और फरसा जैसे हथियार लेकर सड़क पर निकल गया और लोगों को डराने लगा।
उसकी इस हरकत से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सीएसपी निमितेश सिंह परिहार, एसीसीयू टीम और चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी के घर को चारों ओर से घेरकर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 32.5 इंच लंबी तलवार, काले रंग की पिस्टल और फरसेनुमा कुल्हाड़ी बरामद की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है और कई लोग सामने आकर बयान देने से भी बचते नजर आए।

