रायगढ़। छत्तीसगढ़ के छाल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह दोनों के शव एक ही फंदे पर लटके मिले।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25) और परमेश्वरी अगरिया (20), निवासी भुंडीबाहरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम एडूकला के जंगल में महुआ बीनने गए ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके शवों पर पड़ी। इस खौफनाक दृश्य को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि युवक मजदूरी करता था और युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन किन परिस्थितियों में दोनों ने यह कदम उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

