रायगढ़। छत्तीसगढ़ के छाल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी में देरी से परेशान प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
8 अप्रैल को ग्राम एडूकला के जंगल में दोनों के शव एक ही फंदे से पेड़ पर लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25), निवासी भुंडीबाहरी और परमेश्वरी अगरिया (20), निवासी रानीखेत के रूप में हुई है। दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था और 6 महीने पहले सगाई भी हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, रामकुमार मजदूरी करता था और इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। परिवार भी शादी के लिए तैयार था, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शादी बार-बार टलती रही, जिससे दोनों मानसिक तनाव में थे।
बताया जा रहा है कि रामकुमार ने परिवार से पैसे लिए थे और शादी के लिए अतिरिक्त खर्च की मांग कर रहा था, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं बन सकीं।
घटना से पहले जमीन पर ‘एक साथ आग देना’ लिखा मिला, जो इस दर्दनाक फैसले की गहराई को दिखाता है।
सुबह महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और दोनों के मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मदन पाटले के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

