महासमुंद। छत्तीसगढ़ के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ट्रक से 3 क्विंटल 12 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर NH-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान KA 13 D 7710 नंबर के ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 9 बोरियों में छिपाकर गांजा रखा गया था।
मौके से इम्तियाज खान (कर्नाटक) और रवि प्रकाश राउतकर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांजा ओडिशा के सोनपुर जिले से लोड कर मुंबई सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने बरहमपुर (ओडिशा) से सप्लायर जियाउल हक, ट्रांसपोर्टर सुखविंदर उर्फ बुलबुल और नदीम अंसारी को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने 312.590 किलो गांजा, एक ट्रक, टोयोटा अर्बन क्रूजर कार और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1.71 करोड़ रुपए आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि महासमुंद पुलिस ने पिछले 5 दिनों में अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 3 करोड़ रुपए से अधिक का गांजा जब्त किया है, जिससे तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंची है।

