महासमुंद। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कुएं से बोरी में भरा युवक का शव बरामद किया गया है। शव की हालत और मौके से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।
गुरुवार सुबह लभराखुर्द गांव का एक ग्रामीण बकरी चराते हुए यश पोल्ट्री फॉर्म के पास स्थित कुएं तक पहुंचा। कुएं में पानी कम होने के कारण उसे एक बोरी दिखाई दी, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर उसने तुरंत सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने रस्सी की मदद से बोरी को बाहर निकाला, जिसे खोलने पर अंदर करीब 30-35 वर्षीय युवक का शव मिला।
जांच में सामने आया कि शव को छिपाने के लिए पैर मोड़कर दो बोरियों में भरा गया था और उसमें पत्थर, बोल्डर और मुरूम डाले गए थे, ताकि शव पानी में डूबा रहे। बोरियों को महिला की साड़ी के टुकड़ों से कसकर बांधा गया था, जिससे यह साफ है कि हत्या के बाद शव को छिपाने की पूरी योजना बनाई गई थी।
फॉरेंसिक जांच के अनुसार, शव 20 से 25 दिन पुराना है। पानी में रहने के कारण शरीर ज्यादा सड़ा नहीं, लेकिन सिर का हिस्सा पूरी तरह गल चुका है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
शव के सिर और कंधे के पीछे गहरे चोट के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। मौके से खून से सनी शर्ट, महिलाओं का लेगिंग, नकदी और एक गुलेल भी बरामद हुआ है, जिससे जांच को नया एंगल मिला है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और CCTV फुटेज व गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

