रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान छवि महानंद (26), निवासी गांधीनगर-शंकरनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ एक परिचित के पास स्कूटी गिरवी रखने गया था, जहां पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने छवि पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके सीने, पेट, हाथ और कलाई में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल को तुरंत मोवा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

