जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगी।
बस्तर जिले के 21 परीक्षा केंद्रों में कुल 5720 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रमुख केंद्रों में काकतीय पीजी कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय और महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल शामिल हैं।
प्रशासन ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सख्त नियम लागू किए गए हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है। सुबह 10:30 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
सुरक्षा के तहत सभी केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। बिना वैध एडमिट कार्ड और पहचान पत्र (आधार, पैन या ड्राइविंग लाइसेंस) के प्रवेश नहीं मिलेगा।
ड्रेस कोड के अनुसार हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े और चप्पल पहनना अनिवार्य है। जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी और आभूषण पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा हॉल में केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन की अनुमति होगी।

