रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए RTO ऑफिस के एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई शुक्रवार 10 अप्रैल को की गई, जिसके बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी डाटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन ने फाइनेंस वाहन का नाम ट्रांसफर करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी ने 14 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी चोला मंडलम फाइनेंस की गाड़ी के दस्तावेज तैयार करने के नाम पर अवैध वसूली कर रहा था। फिलहाल ACB टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

