Ambikapur News: अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए जरूरी खबर है। योजना का लाभ बिना रुकावट जारी रखने के लिए अब ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिले में यह प्रक्रिया 3 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 तक चलेगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूरा नहीं होगा, उनकी आगामी किस्तें रोकी जा सकती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह प्रक्रिया ग्राम पंचायत भवनों में और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में पूरी की जाएगी।
जिले में कुल 2,15,369 पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराया जाना है। इस दौरान यह सुनिश्चित करना जरूरी होगा कि योजना में दर्ज नाम और आधार कार्ड में अंकित नाम पूरी तरह मेल खाता हो। वर्तनी की छोटी गलती भी सत्यापन में बाधा बन सकती है।
ऐसी स्थिति में हितग्राही पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर नाम का मिलान कर लें। यदि कोई त्रुटि हो, तो महिला एवं बाल विकास विभाग में आवेदन देकर सुधार कराया जा सकता है।
छूटे हितग्राहियों को मिलेगा एक और मौका
निर्धारित समयसीमा 30 जून 2026 तक ई-केवाईसी नहीं कराने वालों के लिए 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक विशेष अवसर दिया जाएगा। इस दौरान संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालय में प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के लिए 6 से 10 अप्रैल तक सभी विकासखंडों में वीएलई और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया है।

