Durg Crime: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। डॉक्टरों द्वारा पुष्टि के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। बड़ी संख्या में लोग उतई थाने पहुंचकर घेराव कर रहे हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बच्ची सुबह करीब 11 बजे स्कूल से घर लौटने के बाद अपनी दादी से पैसे लेकर दुकान जाने निकली थी, लेकिन दो घंटे तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान ग्रामीणों को कुएं के पास एक खंडहरनुमा घर के पास झाड़ियों में एक बोरी संदिग्ध हालत में नजर आई, जो हिल रही थी। जब बोरी खोली गई तो बच्ची का मुंह तकिया कवर से बंधा मिला। वह डरी-सहमी हालत में थी। तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू (40) ने शराब के नशे में बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। वारदात के बाद बच्ची को बेहोशी की हालत में बोरे में बांधकर झाड़ियों में फेंक दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

