Raipur City Crime: रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस की रेंज साइबर थाना टीम ने “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड बेचने और साइबर फ्रॉड में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी पश्चिम बंगाल, दुर्ग, बलौदा बाजार और रायपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस को आरोपियों के पास से 300 से अधिक फर्जी सिम कार्ड से जुड़ी जानकारी मिली है, जिनका विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। साथ ही कई प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पॉइंट ऑफ सेल (POS) एजेंट और मोबाइल दुकानदार बनकर ग्राहकों के ई-केवाईसी का दुरुपयोग करते थे। वे आधार और बायोमेट्रिक (थंब स्कैन/आई ब्लिंक) का इस्तेमाल कर बिना जानकारी के अतिरिक्त सिम कार्ड एक्टिवेट कर लेते थे।
इन सिम कार्ड्स का उपयोग बाद में म्यूल बैंक खातों, टेलीग्राम टास्क, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, फेक सोशल मीडिया स्कीम और सस्ते सामान के नाम पर ठगी जैसे साइबर अपराधों में किया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि थाना माना और आजाद चौक क्षेत्र में हुए करीब 26.70 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड में इन्हीं सिम कार्ड्स और बैंक खातों का इस्तेमाल हुआ था।
गिरफ्तार आरोपियों में सुदीप्त सासमल (पश्चिम बंगाल), शिवनारायण साहू (बलौदा बाजार), जयंत लहरी (दुर्ग), मनीष आहूजा, सुधीर जैन, कैलाश प्रताप सिंह और विनोद वर्मा (रायपुर) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

