CG Board Result: छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के दौरान इस बार शिक्षकों को छात्रों की भावनात्मक और हैरान कर देने वाली अपीलें पढ़ने को मिलीं। कई छात्रों ने उत्तरपुस्तिका में पास होने के लिए अनोखे तरीके से गुहार लगाई, जिसे देखकर शिक्षक भी चौंक गए।
जानकारी के मुताबिक, इस साल हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की कुल 2,66,173 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। जांच के दौरान कई कॉपियों में छात्रों ने अपनी निजी समस्याओं का जिक्र करते हुए सीधे पास करने की अपील की।
कुछ छात्रों ने लिखा कि वे NEET की तैयारी में व्यस्त थे, इसलिए बोर्ड परीक्षा की तैयारी नहीं कर पाए और उन्हें पास कर दिया जाए। वहीं, किसी ने अपनी मां के कैंसर से पीड़ित होने की बात लिखकर सहानुभूति मांगी।
इतना ही नहीं, एक छात्रा ने लिखा कि उसकी शादी तय हो चुकी है, अगर वह फेल हो गई तो शादी टूट सकती है, इसलिए 33 अंक देकर पास कर दिया जाए। वहीं कुछ छात्रों ने तो कॉपी में हनुमान चालीसा लिखकर पास करने की अपील तक कर डाली।
बोर्ड परीक्षा 2026 में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। हाईस्कूल में 3,23,687 और हायर सेकेंडरी में 2,46,862 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। खास बात यह रही कि दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं की संख्या लड़कों से अधिक रही।

