Raipur City News: राजधानी रायपुर में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां ट्रैफिक पुलिस द्वारा जब्त किया गया एक मेटाडोर वाहन थाने के सामने से ही चोरी हो गया। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मेटाडोर क्रमांक CG 12 BH 3683 को 7 अप्रैल को प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने पर जब्त किया गया था। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 115/194 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को फाफाडीह थाना के सामने खड़ा किया गया था। ड्राइवर को 8 अप्रैल को दस्तावेज लेकर आने के निर्देश दिए गए थे।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि वाहन दो दिन तक वहीं खड़ा रहा और 9-10 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोर उसे उठाकर ले गए।
यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ ASI केशरी कुमार साहू ने गंज थाना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

