रायपुर/सूरजपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अवसर पर बुधवार को जिला चिकित्सालय सूरजपुर में अत्याधुनिक 32 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन का वर्चुअल शुभारंभ किया। लगभग 449.99 लाख रुपये की लागत से स्थापित यह सुविधा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सीजीएमएससी और मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के माध्यम से शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सुविधा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगी और मरीजों को समयबद्ध एवं बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
9 लाख से ज्यादा आबादी को मिलेगा लाभ
नई सीटी स्कैन सुविधा से सूरजपुर जिले की करीब 9 लाख 11 हजार आबादी के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
अब जिला अस्पताल में ही:
- हेड इंजरी
- मस्तिष्क में रक्तस्राव
- खून का थक्का
- कैंसर और ट्यूमर
- स्ट्रोक (पैरालिसिस)
- छाती संक्रमण
- पेट संबंधी गंभीर बीमारियां
- मिर्गी जैसी जटिल बीमारियों
की जांच संभव हो सकेगी।
अब अंबिकापुर रेफर नहीं करना पड़ेगा
अब तक सीटी स्कैन जांच के लिए मरीजों को अंबिकापुर रेफर किया जाता था, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती थी। नई मशीन शुरू होने के बाद मरीजों को जिले में ही कम खर्च में सुविधा मिल सकेगी।
24×7 उपलब्ध रहेगी विशेषज्ञ टीम
जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की 24 घंटे टीम तैनात की गई है, जिससे मरीजों को लगातार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस सुविधा से मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ कम होगा और जिले में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।

