रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे से अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी एरिया में सीलिंग मरम्मत का काम कर रहा एक इलेक्ट्रिशियन करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट परिसर में मरम्मत कार्य चल रहा था। इसी दौरान इलेक्ट्रिशियन ऊंचाई पर सीलिंग की मरम्मत कर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे कंक्रीट फर्श पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए एयरपोर्ट परिसर में कामकाज भी प्रभावित रहा।
सुरक्षा उपकरण नहीं पहनने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक बिना सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम कर रहा था। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही की बात सामने आ रही है।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

