छत्तीसगढ़ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दस्तावेज की फोटो लेने पर एक पत्रकार के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
मामला 16 अप्रैल का है, जब वकील जनक बरेठ अपनी मां की किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्या को लेकर कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोषराम साहू भी मौजूद थे।
दोनों पहले जिला कृषि अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव से मिले, जिन्होंने उन्हें कर्मचारी प्रवीण पटेल के पास भेजा।
आरोप है कि जब पत्रकार ने दस्तावेज की फोटो लेने और शिकायत करने की बात कही, तो प्रवीण पटेल भड़क गए। उन्होंने पत्रकार का कॉलर पकड़कर 10 से ज्यादा मुक्के मार दिए।
बीच-बचाव करने पहुंचे वकील जनक बरेठ को भी धक्का देकर बाहर कर दिया गया। हैरानी की बात ये रही कि मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारी मूकदर्शक बने रहे।
घटना के बाद पीड़ितों को कुछ समय तक ऑफिस से बाहर जाने से भी रोका गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित पत्रकार और वकील ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

