छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच अब मौसम बदलने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
हालांकि, अगले 5 दिनों तक तापमान में खास गिरावट नहीं होगी, लेकिन मध्य क्षेत्र में लू से आंशिक राहत मिल सकती है।
पिछले 24 घंटों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44.5°C और सबसे कम अंबिकापुर में 23.4°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों में कुछ जगहों पर लू चल सकती है, वहीं कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अलग-अलग सक्रिय सिस्टम के कारण यह बदलाव हो रहा है, जिससे दक्षिणी क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं।
👉 रायपुर मौसम:
राजधानी रायपुर में सोमवार को लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान करीब 44°C और न्यूनतम 29°C रहने का अनुमान है। रातें भी गर्म रह सकती हैं।

