रायपुर। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को गांवों के विकास में सबसे महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से ही गांवों का विकास संभव है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
सीएम साय ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंच और सरपंच के रूप में की थी, जिससे उन्हें जमीनी स्तर पर काम करने का अनुभव मिला।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्राम सड़क योजना और डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से गांवों में तेजी से विकास हो रहा है। साथ ही जल जीवन मिशन 2.0 के तहत हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और सुशासन तिहार के जरिए लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।


