रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहरामार में जमीन विवाद को लेकर एक वृद्ध महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा कुछ ही घंटों में करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान केवला बाई राठिया के रूप में हुई है, जो पिछले 4-5 दिनों से लापता थीं। 22 अप्रैल को उनके बेटे लोकनाथ राठिया ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और चचेरे भाई आशन राठिया पर शक जताया था।
इसी बीच जंगल से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां झाड़ियों के बीच गड्ढे से सड़ा-गला शव बरामद हुआ। जांच में पुष्टि हुई कि शव केवला बाई का ही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान जमीन विवाद को लेकर आरोपी आशन राठिया ने महिला पर हमला कर दिया और हाथ-मुक्कों व लात-घूसों से हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने शव को मोटरसाइकिल में लादकर जंगल में ले जाकर गड्ढे में फेंक दिया, ताकि मामला छुपा सके। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

