रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा हज यात्रियों को फर्स्टएड किट वितरित की और उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य का विषय है कि सांसद रहते हुए से लेकर आज तक उन्हें हज यात्रियों के स्वागत का अवसर मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश से कुल 815 हज यात्री यात्रा पर जा रहे हैं। पहली बार स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों को विशेष प्रशिक्षण और मेडिकल किट भी उपलब्ध कराया गया है।
सीएम साय ने यात्रियों से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए दुआ करने की अपील की और उनकी यात्रा की सफलता की कामना की।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब अधिक लोगों को हज यात्रा का अवसर मिल रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का परिणाम है।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने हज यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी साझा की। इस दौरान अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, हज कमेटी की सीईओ डॉ. खुशबू उस्मान सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हज यात्री मौजूद रहे।

