बलरामपुर। जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। वाड्रफनगर-रामानुजगंज मार्ग पर स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्कूल में पदस्थ थीं और रोज की तरह स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान बसंतपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं दूसरी शिक्षिका रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे की खबर मिलते ही स्कूल स्टाफ और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

