जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 13 अप्रैल से लापता स्कूल लिपिक का शव सड़ी-गली हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नरियरा गांव निवासी रामकुमार निर्मलकर 13 अप्रैल को घर से तालाब में नहाने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। तालाब के पास उनकी साइकिल और कपड़े मिले थे, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन कर मुलमुला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 26 अप्रैल को पुलिस को इलाके में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो शव की पहचान रामकुमार निर्मलकर के रूप में हुई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव सड़ी-गली हालत में था और दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे, जिससे यह मामला संदिग्ध बन गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक भिलौनी गांव के एक स्कूल में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर एंगल से जांच जारी है।

