गरियाबंद। जिले के पांडुका वन परिक्षेत्र के घटारानी जंगल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक पर मादा तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ बैठी थी और खतरा महसूस होते ही उसने युवक पर झपट्टा मार दिया।
घटना लोटेश्वर महादेव मंदिर के पास की है, जहां ग्राम जमाही निवासी भीखम कमार (19) जंगल में रस्सी लेने गया था। इसी दौरान उसकी नजर मादा तेंदुए पर पड़ी, जो अपने बच्चों के साथ छांव में बैठी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही युवक तेंदुए के करीब पहुंचा, मादा ने इसे खतरा समझते हुए उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिटगार्ड ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब जंगली जानवर अपने बच्चों के साथ होते हैं, तो वे ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं और मामूली आहट पर भी हमला कर सकते हैं।
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल जाते समय सावधानी बरतने, अकेले न जाने और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।


