रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ जनजातीय सलाहकार परिषद की महत्वपूर्ण बैठक 29 अप्रैल 2026 को मंत्रालय (महानदी भवन), नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगी, जिसमें जनजातीय समाज से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा होगी।
जानकारी के अनुसार, बैठक में आदिम जाति विकास मंत्री एवं परिषद के उपाध्यक्ष रामविचार नेताम सहित कई वरिष्ठ मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और परिषद के सदस्य शामिल होंगे।
बैठक में 11 मार्च 2025 की पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कृषि एवं किसान कल्याण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास और लोक निर्माण विभाग द्वारा योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा।
साथ ही आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े मुद्दों—रिक्त पदों की भर्ती, टीआई पद स्थापना और संग्रहालय में जनजातीय धार्मिक स्थलों के निर्माण—पर भी विस्तार से विचार-विमर्श होगा।
इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों के प्रशासन पर राज्यपाल प्रतिवेदन 2024-25 के अनुमोदन सहित अन्य महत्वपूर्ण जनजातीय विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

