दंतेवाड़ा। जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम धनीकरका में झाड़-फूंक को लेकर हुए विवाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बेटे ने अपनी ही मां आयते मरकाम (53) की हंसिए से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बुधराम मरकाम (34) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 की रात परिवार के सदस्य घर के आंगन में बैठे थे। इसी दौरान बुधराम मरकाम अपनी बुआ के लिए झाड़-फूंक कर रहा था।
बताया जा रहा है कि मां आयते मरकाम ने बेटे को झाड़-फूंक करने से मना किया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर पहले मां के साथ मारपीट की और फिर पास में रखे हंसिए से उसके सीने पर वार कर दिया।
गंभीर चोट लगने के कारण आयते मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही कुआकोंडा पुलिस मौके पर पहुंची और धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

