रायपुर। राजधानी रायपुर में 1 मई 2026 को बुद्ध जयंती के अवसर पर मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। नगर निगम ने सख्त आदेश जारी करते हुए शहर के सभी पशुवध गृह और मांस विक्रय दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह फैसला महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर लिया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में निगम के स्वास्थ्य विभाग ने सभी जोन अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि किसी होटल, ढाबे या दुकान में मांस-मटन की बिक्री करते हुए पाया गया, तो तत्काल जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
निगम की टीम पूरे शहर में विशेष निगरानी अभियान चलाएगी। अधिकारियों का कहना है कि बुद्ध जयंती के अवसर पर शांति और नियम व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।


