रायपुर/दुर्ग। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में टिकट चेकिंग अभियान के दौरान डुप्लीकेट मंथली सीजन टिकट (MST) बनाकर यात्रा करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट जांच के दौरान 4 छात्रों को पकड़ा गया, जो मोबाइल ऐप की टिकट इमेज से फर्जी एमएसटी बनाकर ट्रेनों में सफर कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 68705 रायपुर-डोंगरगढ़ लोकल में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वरिष्ठ टिकट निरीक्षक प्रिया को एक यात्री का एमएसटी टिकट संदिग्ध लगा। जांच करने पर टिकट डुप्लीकेट निकला, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप से जारी असली एमएसटी टिकट की इमेज लेकर उसकी फर्जी कॉपी तैयार की जाती थी। आरोपी उसी डुप्लीकेट टिकट का इस्तेमाल कर यात्रा कर रहे थे।
कॉलेज छात्र निकले आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए चारों आरोपी कॉलेज के छात्र हैं। मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी टिकट तैयार कर अपने दो साथियों के साथ शेयर किया था। वहीं जांच में एक अन्य छात्र का नाम भी सामने आया है, जो इन नकली टिकटों को बेचने में शामिल बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।
रेलवे प्रशासन ने चारों छात्रों को आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ दुर्ग के हवाले कर दिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह कितने समय से इस तरह की धोखाधड़ी कर रहा था।

