रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ जनजातीय सलाहकार परिषद की महत्वपूर्ण बैठक 29 अप्रैल 2026 को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगी। इस संबंध में आदिम जाति विकास विभाग द्वारा आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बैठक में आदिम जाति विकास मंत्री और परिषद के उपाध्यक्ष रामविचार नेताम सहित प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और परिषद के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे।
बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसमें 11 मार्च 2025 की पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण और पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की जाएगी। साथ ही कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं का प्रस्तुतिकरण भी किया जाएगा।
भर्ती और जनजातीय संग्रहालय पर चर्चा
बैठक में आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। इनमें संस्थान में रिक्त पदों पर भर्ती, उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति के लिए टीआई पद स्थापना और संग्रहालय में जनजातीय धार्मिक स्थलों के निर्माण व प्रदर्शन जैसे विषय शामिल हैं।
इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों के प्रशासन पर राज्यपाल प्रतिवेदन वर्ष 2024-25 के अनुमोदन सहित अन्य जनजातीय विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।


