मुंबई। दक्षिण मुंबई से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां फूड पॉइजनिंग की वजह से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चिकन पुलाव खाने के बाद परिवार ने तरबूज खाया था, जिसके कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को जे.जे. मार्ग इलाके में रहने वाले अब्दुल्ला (40) ने अपने घर पर एक पारिवारिक कार्यक्रम रखा था। कार्यक्रम में आए मेहमानों ने चिकन पुलाव खाया और वापस चले गए। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने तरबूज खाया।
तरबूज खाने के कुछ ही देर बाद अब्दुल्ला, उनकी पत्नी नसरीन (35) और उनकी दो बेटियां जैनब (13) व आयशा (16) को उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी। हालत गंभीर होने पर सभी को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जे.जे. अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान रविवार रात चारों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
तरबूज पर शक
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है। खास बात यह है कि जिन मेहमानों ने सिर्फ चिकन पुलाव खाया था, उनकी तबीयत नहीं बिगड़ी। ऐसे में जांच एजेंसियों का शक तरबूज पर गया है।
फिलहाल सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


