रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में फरार आरोपी की तलाश अब तेज कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है और आम जनता से सहयोग मांगा है।
जानकारी के अनुसार, सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नरेट ऑफ पुलिस उमेश गुप्ता ने फरार आरोपी वेणु जंघेल पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि जो भी व्यक्ति आरोपी के ठिकाने की सटीक जानकारी देगा या उसकी गिरफ्तारी में मदद करेगा, उसे यह पुरस्कार दिया जाएगा।
14 मार्च से फरार आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी वेणु जंघेल 14 मार्च से लगातार फरार है और पुलिस से बचता फिर रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी जरूरी है, क्योंकि उसका खुलेआम घूमना समाज के लिए खतरा बन सकता है।
पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी विषय की परीक्षा 14 मार्च को आयोजित हुई थी। बाद में पेपर लीक की पुष्टि होने पर बोर्ड ने परीक्षा को रद्द कर दिया था। इसके बाद दोबारा 10 अप्रैल को परीक्षा कराई गई।
फिलहाल पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है और लोगों से अपील कर रही है कि आरोपी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।


