रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकार श्रीमती नीरा साहू द्वारा लिखित पुस्तक ‘अविस्मरणीय यात्रा’ का विमोचन किया। यह पुस्तक गुजरात यात्रा पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लेखिका को उत्कृष्ट रचना के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र और शासकीय संकल्प के लिए आभार जताया। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला पत्रकारों के अध्ययन भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शैक्षणिक और सांस्कृतिक भ्रमण पत्रकारों की सोच और दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा-वृत्तांत पर्यटन प्रेमियों के लिए भी एक उपयोगी मार्गदर्शिका साबित होगा।
इस मौके पर सुश्री निशा द्विवेदी, सुश्री चित्रा पटेल, सुश्री लवलीना शर्मा, जनसंपर्क विभाग की उप संचालक डॉ. दानेश्वरी संभाकर, सहायक संचालक सुश्री संगीता लकड़ा एवं सुश्री आमना खातून सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


