बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक डिलीवरी बॉय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा अंबेडकर चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतक की पहचान विकास देवांगन निवासी बड़का गांव, चलगली क्षेत्र के रूप में हुई है। वह वाड्रफनगर में रहकर एक डिलीवरी कंपनी में काम करता था। जानकारी के अनुसार विकास बाइक से सामान पहुंचाने महेवा की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद ट्रक चालक युवक को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

