रायपुर। कांग्रेस द्वारा आज बोरे-बासी दिवस मनाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तंज कसते हुए बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बोरे-बासी दिवस मनाने की जरूरत ही नहीं है, क्योंकि गांवों में लोग रोज बोरे-बासी खाते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कुछ लोग खुद को ज्यादा छत्तीसगढ़िया दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा लोगों के जीवन में पहले से ही रची-बसी है, इसे दिखावे की जरूरत नहीं है।
वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आज से शुरू हुए “सुशासन तिहार” को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 जून तक पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार मनाया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां आम जनता की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं और जनप्रतिनिधि भी इन शिविरों में शामिल होंगे, ताकि लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सके। सरकार का उद्देश्य प्रशासन को जनता के करीब लाना और समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।

