दुर्ग। खारुन नदी के अम्लेश्वर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। यहां 19 वर्षीय युवक मोहम्मद मोहिउद्दीन नदी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचते ही रेस्क्यू टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो कई घंटों तक लगातार चलता रहा। रेस्क्यू अभियान की कमान प्रभारी धनीराम यादव के हाथों में थी, जबकि डिप डाइविंग एक्सपर्ट ओंकार और भानुप्रताप नदी की गहराइयों में उतरकर युवक की तलाश करते रहे।
कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार एसडीआरएफ टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया। मृतक की पहचान रायपुर के मौदहापारा निवासी मोहम्मद मोहिउद्दीन (19) के रूप में हुई है, जो मोहम्मद नजीमुद्दीन का पुत्र था।
रेस्क्यू के बाद शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक हादसे का शिकार हुआ या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है।


