महासमुंद। छत्तीसगढ़ के सराईपाली क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शिशुपाल पर्वत शिखर के नीचे एक युवक और युवती के शव बरामद किए गए। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है।
प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों की मौत कैसे हुई और शव कितने समय पुराने हैं। हालांकि क्षेत्र में यह चर्चा तेज है कि मृतक प्रेमी जोड़ा हो सकते हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, इससे पहले भी इसी स्थान पर प्रेम प्रसंग से जुड़े आत्महत्या के मामले सामने आ चुके हैं। यही वजह है कि लोग इस घटना को भी प्रेम संबंध से जोड़कर देख रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

