रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी क्षेत्र में हाल ही में बनी सीसी रोड के कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त होने की खबर को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से फोन पर चर्चा कर पूरे मामले की विस्तृत और समयबद्ध जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क का तकनीकी परीक्षण कर निर्माण सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था की पूरी जांच की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में गुणवत्ता में कमी, मानकों का उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द पुनर्निर्माण कर आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी विशेष समीक्षा करने को कहा है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि जनहित के कार्यों में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय होगी और कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी। उन्होंने फील्ड निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग और गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

