कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पत्नी के मायके जाने से नाराज एक युवक हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया और घंटों तक हंगामा करता रहा। यह पूरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के करमंदी गांव की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, करमंदी निवासी मुकेश सांडे का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता था। लगातार झगड़ों से परेशान होकर पत्नी मायके चली गई थी। युवक ने उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन जब पत्नी वापस नहीं लौटी तो सोमवार शाम वह शराब के नशे में करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया।
टॉवर पर चढ़कर युवक जोर-जोर से चिल्लाने लगा और करंट वाले तारों को छूने की कोशिश भी करने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
टॉवर की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए युवक से संपर्क करने की कोशिश की। शुरुआत में युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। काफी समझाइश के बाद उसने शर्त रखी कि उसकी पत्नी घर लौटेगी तभी वह नीचे उतरेगा, नहीं तो जान दे देगा।
इसके बाद पुलिस ने युवक की पत्नी से संपर्क किया। पत्नी ने भविष्य में विवाद नहीं करने की शर्त पर घर लौटने की सहमति दी। पत्नी की हामी मिलने के बाद करीब ढाई घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे का अंत हुआ और युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
पुलिस ने तुरंत युवक को अस्पताल भेजकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


