गरियाबंद। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, गरियाबंद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा पहली में प्रवेश को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन पहुंचे हैं। 50 सीटों के लिए 65 आवेदन मिलने के बाद अब चयन प्रक्रिया लॉटरी के माध्यम से की जाएगी।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, 6 मई 2026 को सुबह 10 बजे लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया शाला प्रबंधन समिति, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी।
जानकारी के मुताबिक, 4 मई तक कुल 65 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि अंतिम दिन कुछ और आवेदन आने की संभावना जताई गई है। अधिक आवेदन आने के कारण विद्यार्थियों का चयन लॉटरी के जरिए किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि अन्य कक्षाओं की सभी सीटें पहले ही भर चुकी हैं। वहीं कक्षा 11वीं में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं, इसलिए वहां लॉटरी की जरूरत नहीं पड़ेगी।
स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि जिन्होंने अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, वे लॉटरी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहें, ताकि चयन प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देख सकें।

