राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सोमनी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक तामेश्वर पारकर और उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई पारकर के बीच 27 जुलाई 2025 को काम पर जाने और पैसों को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पत्नी बिना बताए काम पर चली गई थी, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया।
जब तामेश्वर काम से वापस घर लौटा और पत्नी से इस बात को लेकर सवाल किया, तो विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में लक्ष्मी बाई ने पति के साथ मारपीट की, हाथ और नाखूनों से हमला किया और फिर उसका गला दबा दिया।
घटना के बाद गंभीर हालत में तामेश्वर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों के निशान मिले और मौत का कारण हत्यात्मक बताया गया।
मामले में पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में सोमनी पुलिस ने आरोपी पत्नी लक्ष्मी बाई पारकर (34) निवासी ग्राम अंजोरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

