रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बाइक पर खतरनाक स्टंट कर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक पर जुर्माना लगाया और सख्त चेतावनी दी।
मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। वायरल वीडियो हुंकराडीपा-तमनार रोड का बताया जा रहा है, जिसमें युवक बिना हेलमेट एक पहिए पर बाइक चलाते हुए स्टंट करता नजर आ रहा है। युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20) के रूप में हुई है, जो ग्राम कुंजेमुरा का निवासी है और रिटायर्ड आरक्षक नरेंद्र सिदार का बेटा बताया जा रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और युवक की पहचान कर उसे थाने बुलाया। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वीडियो उसी ने बनाया और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था।
पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के तहत युवक पर 2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही उसे समझाइश दी गई कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल खतरनाक है बल्कि कानूनन अपराध भी है।
थाना प्रभारी ने युवक को भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। युवक ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और आगे से हेलमेट पहनकर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का भरोसा दिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


