रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सख्ती के बाद पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच लंबे समय से अधूरी और खराब पड़ी सड़क के मरम्मत कार्य में अब तेजी आ गई है। बलरामपुर में आयोजित सरगुजा संभाग की निर्माण कार्य समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने इस सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई थी।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को दो टूक कहा था कि सड़क की खराब हालत के कारण आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है और बारिश का मौसम आने से पहले मरम्मत कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश के तुरंत बाद लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव–कुनकुरी मार्ग के अपूर्ण हिस्से की मरम्मत के लिए पहले से भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब इस सड़क की मरम्मत का काम जोनल एजेंसी के माध्यम से जल्द शुरू किया जाएगा। यदि एजेंसी उपलब्ध नहीं हुई तो संबंधित संभाग के मौजूदा अनुबंध के तहत कार्य कराया जाएगा।
इतना ही नहीं, लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता अंबिकापुर को मरम्मत कार्य पूरा होने तक कुनकुरी में ही मुख्यालय बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश भी जारी किया गया है, ताकि कार्य की लगातार निगरानी हो सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ कहा है कि सड़क मरम्मत में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और बरसात में आवागमन की समस्या काफी हद तक कम होगी।

