बलौदाबाजार। जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां गर्मी की छुट्टियां मनाने आया एक मासूम कभी वापस घर नहीं लौट सका। भाटापारा की मुख्य शाखा नहर में नहाने गए तीन बच्चों में से एक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय ब्लेसन डीगल उर्फ रिहान के रूप में हुई है, जो ओडिशा के कंधमाल जिले का रहने वाला था। वह छुट्टियां बिताने के लिए अपने रिश्तेदारों के पास भाटापारा के शांति नगर इलाके में आया हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को रिहान अपने दो दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों बच्चे पानी में बहने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद बाकी दो बच्चों को भी नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक रिहान की मौत हो चुकी थी।
वहीं दूसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


